भवानी मंडी | होली के त्यौहार पर आमजन की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन ने कमर कस ली है। राज्य सरकार के ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने भवानी मंडी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन दुग्ध डेयरी इकाइयों पर एक साथ छापेमारी की।
कान्हा डेयरी में पकड़ा गया ‘सफेद जहर’ बनाने का खेल
पगारिया स्थित कान्हा दूध डेयरी के बल्क मिल्क कूलर (BMC) पर की गई छापेमारी में प्रशासन को बड़ी कामयाबी मिली। यहाँ भारी अनियमितताएं पाई गईं:
-
नकली सामग्री बरामद: मौके से 15 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर, 12 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल और 3 किलो सोडियम बाइकार्बोनेट बरामद किया गया।
-
ऐसे बनता था दूध: जांच में सामने आया कि स्किम्ड मिल्क पाउडर और रिफाइंड तेल का उपयोग नकली दूध बनाने तथा सोडियम बाइकार्बोनेट का प्रयोग दूध की शेल्फ लाइफ (टिकने की अवधि) बढ़ाने के लिए किया जा रहा था।
-
लाइसेंस का अभाव: डेयरी के पास बीएमसी संचालन के लिए कोई वैध खाद्य अनुज्ञा पत्र (फूड लाइसेंस) भी नहीं मिला।






