पिड़ावा की सड़कों पर उतरा युवा, 'भारत माता की जय' के नारों से गुंजा शहर
पिड़ावा। भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में शानदार जीत दर्ज कर विश्व विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया है। टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक सफलता के बाद पिड़ावा शहर में जश्न का ऐसा माहौल देखने को मिला कि हर कोई क्रिकेट के जुनून और देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
मुख्य मार्गों पर निकला विजय जुलूस
मैच का अंतिम ओवर समाप्त होते ही पिड़ावा के खेल प्रेमी अपने घरों से बाहर निकल पड़े। शहर के मुख्य मार्गों पर युवाओं का हुजूम जमा हो गया। तिरंगा लहराते हुए प्रशंसकों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के जयघोष किए, जिससे पिड़ावा शहर गुंजायमान हो उठा। जीत की खुशी में लोग एक-दूसरे के गले मिले और मिठाई खिलाकर इस ऐतिहासिक पल की बधाइयां दीं।
नगर के प्रमुख चौराहों पर प्रशंसकों ने जमकर आतिशबाजी की। पटाखों की गूंज और रोशनी से रात का आसमान नहा उठा। कई स्थानों पर ढोल-नगाड़ों की थाप पर युवा थिरकते नजर आए। क्रिकेट प्रेमियों का कहना था कि भारतीय खिलाड़ियों ने जिस जज्बे के साथ फाइनल खेला, उसने देश का सिर फक्र से ऊँचा कर दिया है।