पिड़ावा। झालावाड़-बारां संसदीय क्षेत्र के सांसद दुष्यंत सिंह सोमवार को पिड़ावा ग्रामीण मंडल के एक दिवसीय ‘पैदल जन संवाद यात्रा’ की शुरुआत की। जब सांसद बांसखेड़ी गाँव के वासु की लोक पहुँचे, तो वहाँ की जमीनी हकीकत देखकर वे खुद को रोक नहीं पाए। ग्रामीणों ने सांसद को क्षेत्र की समस्याओं से रूबरू करवाया। जिसमें सबसे प्रमुख और विकराल समस्या ‘पेयजल संकट’ की उभर कर सामने आई।
अधिकारियों पर बरसे सांसद, मौके पर किया तलब:
बांसखेड़ी और सोंदवाड क्षेत्र के ग्रामीणों ने एक सुर में सांसद को बताया कि भीषण गर्मी में उन्हें बूंद-बूंद पानी के लिए कोसों दूर भटकना पड़ रहा है। जलदाय विभाग की लापरवाही का आलम यह है कि शिकायतों के बावजूद कोई सुनने वाला नहीं है। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए सांसद दुष्यंत सिंह ने तत्काल जलदाय विभाग के उच्च अधिकारियों को मौके पर ही तलब किया।
जब अधिकारियों ने गोल-मोल जवाब देने की कोशिश की, तो सांसद ने कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्हें फटकार लगाई। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि गर्मी के इस मौसम में पेयजल की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सांसद ने निर्देश दिए कि जहाँ पाइपलाइन से पानी नहीं पहुँच रहा है, वहाँ तत्काल टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।
“अंतिम छोर तक पहुँचेगा विकास”—सांसद का संबोधन:
अधिकारियों को सख्त हिदायत देने के बाद सांसद ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा, “मैं आपकी समस्याओं को सुनने और उन्हें हल करने ही आया हूँ। सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, यही मेरी प्राथमिकता है।” उन्होंने विश्वास दिलाया कि पेयजल समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा और विभाग की मॉनिटरिंग वे स्वयं करेंगे।
पैदल यात्रा का शंखनाद:
संबोधन के पश्चात सांसद दुष्यंत सिंह ने अपनी ‘पैदल जन संवाद यात्रा’ का औपचारिक शुभारंभ किया। चिलचिलाती धूप में पैदल चलकर गाँवों की सड़कों पर उतरना यह संदेश देता है कि वे क्षेत्र के बुनियादी मुद्दों को लेकर गंभीर हैं। इस यात्रा के दौरान वे अलग-अलग गाँवों में रुककर ग्रामीणों से सीधे संवाद कर रहे हैं और मौके पर ही अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
यह रहे उपस्थित
सांसद दुष्यंत सिंह के साथ पूर्व आरपीएससी के अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष संजय जैन, पूर्व विधायक नरेंद्र नगर, विधायक कालूराम मेघवाल, विधायक गोविंद रानी पुरिया, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष नारायण सिंह सहित ग्रामीण मंडल के कार्यकारणी सदस्य व कार्यकर्ता, पिड़ावा नगर मंडल के कार्यकारणी सदस्य व कार्यकर्ता सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, युवा नेता आदि उपस्थित रहे।
यह खबर भी पढ़े:-पिड़ावा में आवारा सांडों का तांडव: बीच सड़क पर मची अफरा-तफरी, पहले भी बुजुर्ग को उतार चुके हैं मौत के घाट! क्या प्रशासन किसी और हादसे का इंतज़ार कर रहा है?
Pirawa Times विशेष: वादों से नहीं, पानी से बुझेगी प्यास!
-
सांसद का कड़ा रुख: बांसखेड़ी में जिस तरह सांसद ने अधिकारियों पर नाराजगी जताई, उससे साफ है कि अब काम में ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। लेकिन सवाल यह है कि क्या सांसद के जाने के बाद अधिकारी इन निर्देशों का पालन करेंगे?
-
टैंकर माफिया पर लगाम: टैंकर चलाने के निर्देश तो दे दिए गए हैं, पर क्या ये पानी सही समय पर और सही व्यक्ति तक पहुँचेगा? प्रशासन को इसकी पारदर्शी व्यवस्था करनी होगी।
-
ग्रामीणों का अटूट विश्वास: जिस उम्मीद के साथ ग्रामीणों ने अपनी पीड़ा सांसद के सामने रखी, वह लोकतंत्र की खूबसूरती है। अब जिम्मेदारी प्रशासन की है कि वह सांसद के ‘एक्शन’ को ‘रिजल्ट’ में बदले।
-
पैदल यात्रा का असर: पदयात्रा के माध्यम से सांसद उन गलियों तक पहुँच रहे हैं जहाँ अक्सर गाड़ियाँ नहीं जा पातीं। यह ‘कनेक्ट’ आने वाले समय में बड़ा बदलाव ला सकता है।

बस स्टैंड पिड़ावा

Bus Stand Pirawa






