पिड़ावा। बीकानेर जिले के बज्जू थाना अंतर्गत रंजीतपुरा गांव में 13 वर्षीय मासूम बालिका वसुंधरा सैन के साथ हुए दुष्कर्म और उसकी निर्मम हत्या के मामले ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य अपराध के विरोध में झालावाड़ जिले के पिड़ावा में सैन समाज ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया। राष्ट्रीय नाई महासभा के जिला महासचिव कैलाश सैन के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पिड़ावा उपखंड कार्यलय पर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की।
मासूम को न्याय दिलाने के लिए उठी 5 सूत्री मांगें
ज्ञापन के माध्यम से समाज ने सरकार के समक्ष निम्नलिखित मांगें प्रमुखता से रखी हैं:
-
त्वरित गिरफ्तारी: घटना में शामिल सभी दरिंदों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए।
-
फास्ट ट्रैक ट्रायल: मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर दोषियों को फांसी की सजा दी जाए।
-
आर्थिक संबल: पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
-
सरकारी सहायता: परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए तथा आजीविका हेतु डेयरी बूथ आवंटित किया जाए।
-
सुरक्षा: भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश दिए जाएं।






