Home राजस्थान समाचार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ...

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक का हुआ आयोजन

0
110
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम
2026 के अंतर्गत राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक का हुआ आयोजन

अंतिम प्रकाशन, प्रारूप प्रकाशन तथा प्राप्त दावे-आपत्तियों के निस्तारण के संबंध में दी जानकारी

झालावाड़। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत शनिवार को मिनी सचिवालय सभागार में उप जिला निर्वाचन अधिकारी (अति. कलक्टर) अनुराग भार्गव की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचक नामावलियों के अंतिम प्रकाशन, प्रारूप प्रकाशन तथा प्राप्त दावे-आपत्तियों के निस्तारण तथा के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 27 अक्टूबर 2025 को राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 की घोषणा की गई थी। कार्यक्रम के अनुसार 4 नवम्बर 2025 से 11 दिसम्बर 2025 तक गणना चरण सम्पन्न हुआ तथा 16 दिसम्बर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। उस समय झालावाड़ जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 10 लाख 40 हजार 847 थी।
उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत 16 दिसम्बर 2025 से 19 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की गईं। इस अवधि में जिले में 21 हजार 567 फॉर्म-6 व 6ए, 2 हजार 519 फॉर्म-7 तथा फॉर्म-8 के 6 हजार 249 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त सभी आवेदनों की सूचियां फॉर्म-9, 10, 11, 11ए एवं 11बी में तैयार कर प्रत्येक कार्य दिवस को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की गईं। साथ ही प्रति सप्ताह दावे-आपत्तियों की सूची मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ साझा की गई तथा जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई।

कुल मतदाताओं की संख्या में 17 हजार 787 मतदाताओं की हुई वृद्धि

उन्होंने बताया कि प्राप्त समस्त दावे-आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण एवं निस्तारण निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा किया गया तथा 21 फरवरी 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। प्रारूप सूची की तुलना में 17 हजार 787 मतदाताओं की वृद्धि (1.71 प्रतिशत) के उपरांत जिले में कुल मतदाताओं की संख्या अब 10 लाख 58 हजार 634 हो गई है। इनमें 5 लाख 46 हजार 48 पुरुष, 5 लाख 12 हजार 575 महिला तथा 11 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
उन्होंने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया कि समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची-2026 की एक सॉफ्ट कॉपी (फोटोरहित) एवं एक हार्ड कॉपी संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई गई है। यह सूची जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट https://election.rajasthan.gov.in तथा https://voters.eci.gov.in पर भी ऑनलाइन उपलब्ध है। मतदाता ऑनलाइन एपिक सर्च के माध्यम से भी अपना नाम देख सकते हैं।

नाम जोड़ने, हटाने एवं प्रविष्टियों में संशोधन की प्रक्रिया के बारे में दी जानकारी

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ना, हटाना एवं प्रविष्टियों में संशोधन की प्रक्रिया सतत जारी रहने वाली अनवरत प्रक्रिया है। इसके लिए फॉर्म-6 (घोषणा-पत्र सहित), फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 को ECINet App अथवा Voters Portal (https://voters.eci.gov.in) के माध्यम से ऑनलाइन अथवा संबंधित बीएलओ से संपर्क कर भरा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि के संबंध में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के निर्णय से असंतुष्ट होने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24 एवं निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 23 एवं 27 के अंतर्गत प्रथम अपील अंतिम प्रकाशन की तिथि से 15 दिवस के भीतर जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष तथा द्वितीय अपील जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय के 30 दिवस के भीतर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान के समक्ष प्रस्तुत की जा सकती है।
बैठक में राजनैतिक दल भारतीय जनता पार्टी से ओम जांगीड़, इण्डियन नेशनल कांग्रेस से ओम पाठक, आम आदमी पार्टी से राजेन्द्र श्रीवास्तव, बसपा से मकसूद मंसूरी सहित निर्वाचन विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!